Home नरसिंहपुर नरसिंहपुर/MP : सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति की मदद करने वालों को...

नरसिंहपुर/MP : सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति की मदद करने वालों को राहवीर योजना से लाभांवित करें……………

44
0

जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकें, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर बनें

कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

नरसिंहपुर : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। आयोजित बैठक में सड़क सुरक्षा समिति के द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों के संबंध में चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्लैक स्पॉट, गति सीमा, यातायात नियमों का पालन, जागरूकता अभियान, सड़क निर्माण कार्यों के दौरान डायवर्सन मार्ग के संकेत, जेब्रा क्रॉसिंग, ब्रेकर तथा डिवाइडर सहित सड़क जागरूकता अभियान के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती मृगाखी डेका, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, एसडीएम नरसिंहपुर श्री मणिन्द्र कुमार सिंह, यातायात प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने बैठक में जिले के सड़क मार्गों में ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) की समीक्षा की। उन्होंने ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए, जिससे ब्लैक स्पॉट क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में थाना क्षेत्रांतर्गत होने वाले सड़क दुर्घटनाओं तथा उनके कारणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती पटले ने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने के लिए वाहन चालक संतुलित वेग में वाहन चलाए, स्पीड ब्रेकर का पालन करें, वाहन नशे की हालत में न चलाएं, सड़कों के गड्डों की मरम्मत की जाए तथा वाहन चालकों का नियमित रूप से मेडिकल चेकअप किया जाए। उन्होंने सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर भी जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिससे वाहन चालकों और नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी मिल सके।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्माण कार्य के दौरान सड़क डायवर्सन के स्पष्ट संकेतों को प्रदर्शित करना होगा, जिससे वाहन चालक प्रदर्शित संकेतों का पालन कर सके। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान निर्माण सामाग्री व्यवस्थित ढंग से रखी जाए। निर्माण सामाग्री सड़क में इधर-उधर न रखें, जिससे दुर्घटना की आशंका न रहे। सड़क निर्माण के दौरान पानी निकासी का प्रबंध एवं सड़क की ऊंचाई का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि वाहनों को क्षतिग्रस्त पुल- पुलिया या सड़क मार्गों से आवागमन न करने दिया जाए। कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्देशित किया कि हाईवे और गांव को जोड़ने वाली सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए। शहर और हाईवे को जोड़ने वाली सड़कों पर लाईट लगे हों। नो पार्किंग जोन के बोर्ड लगे हों। सड़क के मोड़ और साईड शोल्डर की झाड़ियों की कटाई की जाये। जिससे वाहन दुर्घटना की संभावना न रहे। सांकेतिक चिन्ह के बोर्ड सड़कों पर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। दुर्घटना की आशंका वाले क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट के बोर्ड लगाये जायें। सड़कों पर जगह- जगह रेडियम रिफ्लेक्टर लगाये जायें।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों के चौराहों और तिराहों पर होर्डिंग्स या पोस्टर न लगाया जाए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों की दुकानें व्यवस्थित तरीके से लगाने के निर्देश दिए। दुकानदारों को दुकान से आगे सड़क मार्ग तक दुकान न लगाने के लिए समझाइश देने को कहा। इसी प्रकार से सड़क मार्ग के किनारे भी अस्थाई दुकाने या हाथ ठेले न लगाने के निर्देश दिए, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम बनी रहे। नगरीय क्षेत्र में स्थल चिन्हित कर अस्थाई दुकानों को लगाने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन बाधित न हो। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में लगाए गए अवैध होर्डिंग्स व फ्लैक्स हटाने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए सड़क मार्ग में स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रासिंग, डिवाइडर, निर्माण स्थल पर सांकेतिक मार्ग व चिन्ह, बिजली के खंबों को सड़क मार्ग से अलग करना, लाइट रिएक्शन बैरियर लगाना, सड़क मार्ग में प्रकाश का प्रबंध करना तथा अस्थाई पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने आयोजित बैठक में निर्देशित किया कि जिले के प्रमुख स्थलों जैसे बरमान मेला, झांसीघाट, बरमान खुर्द, ककराघाट इत्यादि स्थलों पर लगने वाले स्थायी या अस्थायी मेलों की सुरक्षात्मक व्यवस्था की जाएं। मेला स्थल में आवागमन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा के प्रबंध सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरूस्त रखें। कलेक्टर श्रीमती पटले ने आयोजित बैठक में राहवीर योजना एवं हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना, पीड़ित प्रतिकार योजना 2022 की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को उसी दिन राहवीर योजना से लाभांवित करने की कार्यवाही करे। उन्होंने राहवीर योजना की नियमित रूप से मॉनीटरिंग कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। अनुविभागीय अधिकारी राहवीर योजना के प्रकरणों का निपटारा समय सीमा में करेंगे। इस अवसर पर अज्ञात वाहनों से सड़क दुर्घटना के प्रकरणों के संबंध में भी समीक्षा की गई। उन्होंने अज्ञात वाहनों से हुई सड़क दुर्घटना का निपटारा भी समय सीमा में करने के निर्देश दिए। आयोजित बैठक में शक्कर नदी में बने पुल की भी समीक्षा की गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शक्कर नदी में नवीन पुल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here