कोरिया : भारत सरकार कृषि मंत्रालय के द्वारा ’’विकसित कृषि संकल्प अभियान’’ की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 29 मई से शुरू होकर 12 जून तक चलेगा। इस दौरान कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा गांव-गावं पहुंचकर खेती के उन्नत तकनीकों की जानकारी भी साझा की जायेगी। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के द्वारा बैठक आयोजित कर उक्त अभियान के संचालन हेतु विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया है।
कलेक्टर द्वारा अवगत कराया गया कि अभियान के अंतर्गत किसानों को आगामी खरीफ मौसम के प्रमुख फसलों की उन्नत तकनीक, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन संबंधी समस्याओं के उचित मार्गदर्शन एवं वैज्ञानिक परिचर्चा के माध्यम से जानकारी दी जावेगी। साथ ही अभियान के तहत किसानों से फीडबैक लेकर उनके द्वारा किये गए नवाचार के संबंध में वैज्ञानिक अनुसंधान में आवश्यक दिशा निर्धारित करेंगे।
श्री राजेश भारती उप संचालक कृषि द्वारा बताया गया कि जिले में तीन टीम गठित की गयी है। जिनके द्वारा प्रतिदिन 03 क्लस्टर में शिविर का आयोजन कर ’’कृषि संकल्प रथ’’ के माध्यम से कृषि एवं संवर्गीय विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना है।
वैज्ञानिक दल द्वारा किसानों के साथ संवाद में नवीन तकनीकी, एवं शासकीय योजना जैसे प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना से मृदा का परीक्षण कर खाद का संतुलित उपयोग के लिये प्रशिक्षित करते हुए, के.वी.के, आई.सी.आर संस्थान द्वारा कृषि में ड्रोन प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन कर किसानों को जागरूक किया जावेगा। साथ ही उन्नत फसल तकनीकों का प्रसार, पी.एम.किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड एवं किसानों की समसामयिक समस्याओं पर चर्चा की जावेगी।
इस बैठक में जिला पंचायत सी.ई.ओ, डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, उप संचालक कृषि, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख के.वी.के उप संचालक पशुपालन, सहायक संचालक मत्स्य एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

