नरसिंहपुर : शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में संचालित तीन वर्षीय रोजगान्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया का प्रथम चरण जारी है। इच्छुक विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन https://dte.mponline.gov.in/portal/services/onlinecounselling/counshomepage/home.aspx पर जाकर पाठ्यक्रम का चुनाव करके रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। कम्प्यूटर साइंस एंड इंजी., इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेली कम्प्युनिकेशन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम के लिए 10 वीं पास और मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए 12 वीं पास होना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन में आ रही समस्याओं और अधिक जानकारी के लिए कार्यालय प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में कार्यालयीन समय में आकर सम्पर्क किया जा सकता है।
प्राचार्य डॉ. बीएम बघेल ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एमपी ऑनलाइन व कियोस्क में जाकर भी कराया जा सकता है। अनुसूचित जाति/ जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार फीस की छूट एवं छात्रवृत्ति की पात्रता है। अनारक्षित वर्ग को भी नियमानुसार शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में रोजगार के अवसर के अलावा डिप्लोमा के उपरांत उच्च शिक्षा बीई के द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों के लिए 20 प्रतिशत कोटा लेटरल एंट्री के तहत निर्धारित रहता है। मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम में 100 डब्ल्यूपीएम की गति तक स्टेनो, हिंदी/ अंग्रेजी कम्प्यूटर टायपिंग, टेली, कम्प्यूटर ज्ञान, कार्यालयीन जानकारी, प्रत्येक कर/ जीएसटी आदि बहुत से विषयों की जानकारी दी जाती है। राज्य शासन द्वारा निकलने वाली विभिन्न कार्यालयीन पदों के लिए यह डिप्लोमा अत्यंत उपयोगी माना जाता है। विद्यार्थी के लिए तकनीकी शिक्षा से जुड़ने का यह अच्छा अवसर है।



