ग्राम डांगीढाना में आयोजित नशा मुक्त अभियान के तहत कार्यक्रम में शामिल हुई कलेक्टर
नरसिंहपुर : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में नरसिंहपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत डांगीढाना में नशा मुक्त अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और स्टेशनगंज थाना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के कला पथक दल द्वारा नशा से होने वाले दुष्पप्रभावों आदि से संबंधित प्रस्तुतियां दी।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि नशा गंभीर समस्या है। ग्राम की महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि नशा बुरी आदत है। गांव के बुजुर्गों ने अपने हाथ उठाकर बताया कि वे नशा नहीं करते। कलेक्टर ने कहा कि जो नशा नहीं करते वह अच्छी बात है। इससे तन, मन, धन व सम्मान को नुकसान पहुंचता है और हमारे बच्चे भी हमसे ही सीखते हैं। हम सभी यही बताने आपके बीच आये हैं, जबकि आप सभी अच्छे से जानते हैं कि नशा कितना बुरा है।
कलेक्टर ने ग्रामवासियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सोचिये एक मजदूरी करने वाला व्यक्ति पैसे लेकर आये और उसे शराब में खर्च कर दे, तो कैसा लगता है और यही पैसा अपने परिवार और स्वयं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में कर सकते हैं। घर में सुख शांति और विभिन्न साधनों से परिवार सम्पन्न होता है। कलेक्टर ने एक 15 वर्षीय बालक से पूछा कि वह बड़े होकर क्या बनना चाहता है? इस पर बच्चे ने पुलिस में जाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि गांव के ग्रामीण भी यह सुनिश्चित करें कि यहां के स्कूल और आंगनबाड़ी अच्छी हो।
कलेक्टर ने कहा कि नशे में व्यक्ति लड़ाई, झगड़े और विवाद करता है जिससे गांव का माहौल खराब होता है। अवैध शराब विक्रय रोकने के लिए प्रशासन को भी आपसे सहयोग की अपेक्षा है। गांव के लोग अपना नाम बताये बिना ही अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों बिक्री की सूचना दे सकते हैं। नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझें। आप इस उम्र में भी ठान सकते हैं कि नशा नहीं करना है, तो आप नशा नहीं कर सकते हैं। यह बीड़ा आपको उठाना होगा, जिससे आने वाली पीढ़ी, समाज, नागरिक और गांव नशा मुक्त हो सके।
जल गंगा संवर्धन अभियान में सहभागी बनें ग्रामीण- कलेक्टर
ग्राम डांगीढाना में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने कहा कि राज्य शासन 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चला रही है। जल संरक्षण व संवर्धन की दिशा में आप सभी को आगे आये। जिले के लिए नर्मदा नदी वरदान है। कलेक्टर ने पूछा कि इस साल किसानों ने अपने खेतों में खेत- तालाब किसने बनवाया। कलेक्टर ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने खेतों में खेत- तालाब जरूर बनवायें। खेत- तालाब बन जाने से भू- जल स्तर में सुधार होगा, किसान फसल के अलावा मछली पालन, सिंघाड़ा आदि उत्पादों के माध्यम से अपनी आय में बढ़ोत्तरी कर सकेंगे। हमने भूमि से जल निकालकर उसका उपयोग किया है, लेकिन भूमि को जल लौटाने वाले भी हमको बनना होगा। हम सभी को एकजुटता के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होकर जल संरक्षण व संवर्धन की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है।
सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार ने कहा कि बीड़ी, सिगरेट, शराब आदि नशीली चीजों का उपयोग करने से मानव शरीर के लिए काफी दुष्परिणाम भोगने पड़ते हैं। इससे हमारी सेहत, कैंसर और अस्थमा जैसी गंभीर बीमारी होती है। इससे परिवार की माली हालत खराब होती है और लत से परिवार भी टूट जाता है। नशा करने से घरेलू हिंसा आदि उत्पन्न होने लगती है। बच्चों के माता- पिता को ध्यान देना चाहिये, कि हमारे बच्चे किसकी संगति के साथ हैं। नशे से मुक्त पीढ़ी स्वास्थ्य एवं समाज और देश के विकास में अग्रसर हैं। डीएसपी श्री मनोज गुप्ता ने कानूनी पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार ने सभी ग्रामवासियों को नशा मुक्त अभियान की शपथ दिलाई।




