नरसिंहपुर : जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों व पंचायतों में जल संरक्षण व संवर्धन की दिशा में दीवार लेखन के माध्यम से नागरिकों को जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। इसी क्रम में मप्र जनअभियान परिषद नरसिंहपुर के तत्वावधान में परिषद की विकासखण्ड करेली की नवांकुर संस्था, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रमपुरा द्वारा जल संरक्षण व संवर्धन के लिए दीवार श्लोगन लेखन के माध्यम से लोगों को जल के महत्व व उसके समुचित उपयोग का संदेश दिया। साथ ही जल के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रेरित किया गया।
नवांकुर संस्था रमपुरा के अध्यक्ष श्री भगवान सिंह लोधी ने बताया कि जिले की 30 नवांकुर संस्थाओं द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण व संवर्धन के लिए कार्य किये जा रहे हैं। इसी तरह पुरानी जल संरचनाओं की साफ- सफाई व उनके जीर्णोद्धार के साथ नवीन जल संरचनाओं का निर्माण तथा जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यह कार्य निरंतर 30 जून तक चलाया जायेगा।