सफलता की कहानी
ग्राम तोजा में ‘हर घर नल से जल’ योजना बनी खुशहाली का आधार, कुएं और हैंडपंप से पानी लाने की परेशानी हुई दूर
एमसीबी/23 अक्टूबर 2026/ केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। गांवों में घर-घर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित इस योजना से ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिल रही है। इसी कड़ी में जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के विकासखंड भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत तोजा के आश्रित ग्राम तोजा की निवासी तारा बाई के जीवन में भी जल जीवन मिशन खुशहाली और सुविधा का नया आधार बना है। पहले जहां उन्हें पीने के पानी के लिए कुएं और हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता था, वहीं अब घर पर ही नल से पेयजल उपलब्ध होने से उनकी दैनिक दिनचर्या आसान हो गई है।

पानी के लिए रोजाना की परेशानी से मिली मुक्ति
तारा बाई बताती हैं कि पहले परिवार के लिए पानी की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती थी। पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी लाने हेतु कुएं और हैंडपंप तक जाना पड़ता था। इससे काफी समय और शारीरिक श्रम लगता था। विशेषकर घर के अन्य जरूरी कार्यों के बीच पानी की व्यवस्था करना कठिन होता था। गर्मी के दिनों में यह परेशानी और बढ़ जाती थी। लेकिन जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर में नल कनेक्शन मिलने के बाद उनकी यह समस्या काफी हद तक दूर हो गई है। अब घर पर ही पेयजल उपलब्ध होने से उन्हें पानी लाने के लिए बार-बार बाहर नहीं जाना पड़ता।
घर में नल लगने से बदली दिनचर्या, समय और श्रम की हुई बचत
जल जीवन मिशन के माध्यम से घर तक पानी पहुंचने से तारा बाई के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। पहले पानी की व्यवस्था में लगने वाला समय अब परिवार की देखभाल और अन्य घरेलू कार्यों में उपयोग हो रहा है। पानी लाने में होने वाले शारीरिक श्रम से भी राहत मिली है। घर में नल से जल की सुविधा उपलब्ध होने से परिवार के दैनिक कार्य अधिक सुविधाजनक हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पानी लाने की जिम्मेदारी प्रायः महिलाओं को निभानी पड़ती है। ऐसे में जल जीवन मिशन महिलाओं के समय और श्रम की बचत करने के साथ ही उनके जीवन को अधिक सहज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
तारा बाई ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
घर पर नल से पेयजल की सुविधा मिलने से तारा बाई बेहद खुश हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन के माध्यम से गांव में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। तारा बाई ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा, “यह योजना हमारे गांव और हमारे भविष्य को नई दिशा दे रही है।” उन्होंने बताया कि घर में पानी की सुविधा होने से अब दैनिक जीवन की कई परेशानियां दूर हो गई हैं और परिवार को बड़ी राहत मिली है।
जल जीवन मिशन से ग्रामीण जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से संचालित जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक निर्धारित गुणवत्ता का पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराकर पेयजल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों को पानी की व्यवस्था में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल रही है। ग्राम तोजा की तारा बाई की यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं किस प्रकार आम नागरिकों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। कभी कुएं और हैंडपंप से पानी लाने की परेशानी झेलने वाली तारा बाई के घर आज नल से जल पहुंच रहा है। जल जीवन मिशन की यह सुविधा उनके परिवार के लिए राहत, सुविधा और बेहतर जीवन की नई उम्मीद बन गई है।
समाचार क्रमांक/142/लोकेश/फोटो/09 से 11



