बैकुण्ठपुर कोरिया जिले के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी और राहतभरी खबर सामने आई है।
एसईसीएल (SECL) ने सीएसआर मद से ₹18.65 करोड़ की लागत से जिला अस्पताल बैकुण्ठपुर के लिए एमआरआई (MRI) मशीन की स्वीकृति प्रदान की है।

इस महत्वपूर्ण पहल से जिले में आधुनिक चिकित्सा एवं डायग्नोस्टिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
एमआरआई मशीन की सुविधा जिला अस्पताल में उपलब्ध होने के बाद गंभीर बीमारियों, मस्तिष्क, रीढ़, नसों तथा शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों से संबंधित जांच के लिए मरीजों को अंबिकापुर, बिलासपुर अथवा रायपुर जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इससे मरीजों और उनके परिजनों का समय, यात्रा खर्च और मानसिक परेशानी कम होगी।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर एसईसीएल प्रबंधन के समक्ष लगातार मांग एवं पत्राचार किया जाता रहा तथा इस दिशा में सार्थक प्रयास किए गए।
इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप सीएसआर मद से इतनी बड़ी राशि की स्वीकृति मिलना जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
स्थानीय स्तर पर आधुनिक एमआरआई जांच सुविधा मिलने से चिकित्सकों को गंभीर रोगों की पहचान एवं उपचार की दिशा तय करने में मदद मिलेगी। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
कोरिया जिले के लिए यह स्वीकृति स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी सौगात मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस जनकल्याणकारी पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव की शुरुआत बताया है।

