सोनहत। जनपद पंचायत सोनहत क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलगवांकला, परसा, बहरीखुट एवं रापारा सहित आसपास के गांवों में सड़क की हालत बेहद खराब होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति जर्जर बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इसी तरह विक्रमपुर से कर्री पटेलपारा मार्ग तथा ओदारी साहूपारा से ओदारी ग्राउंड पहुंच मार्ग की स्थिति भी बदहाल बताई जा रही है। खराब रास्तों के कारण बस्ती के लोगों, विद्यार्थियों और रोजमर्रा के आवागमन करने वालों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उक्त सभी मार्गों का स्थल निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनपद पंचायत सोनहत स्तर पर बड़ा आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं चक्का जाम किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि गांवों की सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए जर्जर मार्गों का शीघ्र निर्माण कराया जाना आवश्यक है।

