सूरजपुर जनजातीय कार्य मंत्रालय के आदि कर्मयोगी अभियान का क्रियान्वयन सूरजपुर जिले के 06 विकासखण्डों के 284 जनजाति बाहुल्य ग्रामों में किया जा रहा है। इसी तारतम्य में 13 से 15 अगस्त तक जिले के समस्त आदि सेवा केन्द्रों में जन सुनवाई शिविर (जन शिकायत निवारण एवं लाभार्थी संतृप्ति शिविर) का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत आज हुई।

शिविरों में ग्रामीणों की शिकायतों का पंजीयन कर मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आवेदनों की तत्काल पूर्ति तथा शासकीय योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं की विस्तृत जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। शिविर के माध्यम से प्राथमिकता वाले जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी कार्यवाही की जा रही है।

आयोजन में आदिम जाति विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन एवं जलवायु परिवर्तन, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा बैंकिंग एवं सीएससी सहित विभिन्न विभाग सहभागी हैं। विभागीय ग्रामीण अमले की उपस्थिति में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा उनके आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। आदि कर्मयोगी वालिंटियर्स द्वारा जागरूकता सृजन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, शिकायत निवारण एवं डिजिटल दस्तावेजीकरण में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

आज जनपद पंचायत भैयाथान सहित जिले के धरसेड़ी, दवना एवं ओड़गी इत्यादि स्थानों पर जन सुनवाई शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविरों में की गई कार्यवाही की जानकारी जनजातीय कार्य मंत्रालय के एनआईसी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।


