सूरजपुर
सूरजपुर/13 अगस्त 2026/ 80वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए आज स्टेडियम ग्राउंड सूरजपुर में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले उपस्थित रहे। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी तथा ध्वजारोहण करेंगी।




पूर्वाभ्यास के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विजेंद्र सिंह पाटले ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण, परेड निरीक्षण एवं मार्च पास्ट की सलामी का पूर्वाभ्यास कराया।




कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने आयोजन स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और बैठक व्यवस्था, यातायात, पेयजल, चिकित्सा दल तथा सुरक्षा प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व का यह आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होना चाहिए तथा प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।
रिहर्सल में जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अभ्यास किया, जिसने उपस्थितजनों में उत्साह का संचार किया। पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड सहित विभिन्न टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और अनुशासन तथा राष्ट्रप्रेम का परिचय दिया।

