कलेक्टर के निर्देश पर विद्यार्थियों के लिए लगेंगे विशेष शिविर, पालकों से स्कूल में लिए जाएंगे जरूरी कागजात
कोरिया, 11 अगस्त 2026/ विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब पालकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने समय-सीमा की बैठक में निर्देश दिए हैं कि जिले के स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत जिन छात्र-छात्राओं के जन्म प्रमाण पत्र अब तक नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। शिविर में ही पालकों एवं अभिभावकों से आवश्यक दस्तावेज एकत्रित कर जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कलेक्टर ने अपार आईडी एवं जन्म प्रमाण पत्र की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को जिला सांख्यिकी अधिकारी से समन्वय कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभिन्न शैक्षणिक कार्यों के लिए जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। ऐसे में जिले के सभी विद्यार्थियों का जन्म प्रमाण पत्र समय पर बनना जरूरी है।
शिकायतों का समाधान ऐसा हो कि फरियादी हो संतुष्ट समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत बंद करना उद्देश्य नहीं है, बल्कि आवेदक को संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए।

किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन जल्द पूरा करें
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों से एग्रीस्टेक पंजीयन की जानकारी लेते हुए शेष किसानों का पंजीयन शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन होने से किसानों को विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की भी जानकारी ली।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बैकुण्ठपुर एवं सोनहत जनपद पंचायत के सीईओ से लक्ष्य के विरुद्ध स्वीकृत आवासों तथा हितग्राहियों को जारी प्रथम एवं द्वितीय किस्त की जानकारी ली। उन्होंने जिन हितग्राहियों के खातों में राशि अंतरित नहीं हुई है, उनके प्रकरणों की जांच कर कारणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
राजस्व मामलों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने कहा। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा में अधिकांश आवेदन राजस्व संबंधी पाए जाने पर उन्होंने पटवारी से लेकर एसडीएम स्तर तक जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने जिलेवासियों से अपील
कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने जिलेवासियों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के संबंध में लोगों को जागरूक करने और पात्र हितग्राहियों तक इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेंद्र श्रीवास, एडीएम श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

