सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशों के अनुपालन में जनपद पंचायतों एवं विद्यालयों में स्वच्छता अभियान तथा बैगलेस डे के माध्यम से स्कूली बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।


बैगलेस डे पर विद्यालयों में रंगोली एवं लेखन प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, वहीं अधिकारी-कर्मचारी सामूहिक श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में अपनी सहभागिता प्रस्तुत कर रहे हैं।
इसी तारतम्य में आज जनपद पंचायत प्रतापपुर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा जनपद पंचायत कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया गया। इस दौरान परिसर के चारों ओर के साथ-साथ भवन के भीतर की साफ-सफाई का कार्य भी पूर्ण किया गया।

इसी प्रकार बैगलेस डे पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण थीम पर रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। माध्यमिक शाला केदारपुर, संकुल केंद्र लक्ष्मणपुर में पर्यावरण संरक्षण विषय पर रंगोली प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से प्रकृति की रक्षा का संदेश उकेरा। छात्रों ने कागज के बैग तैयार कर प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संदेश भी दिया।


