Home एम.सी.बी. एमसीबी, केल्हारी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को मिली नई रफ्तार, जीवन...

एमसीबी, केल्हारी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को मिली नई रफ्तार, जीवन दीप समिति ने लिए कई अहम फैसले, विधायक रेणुका सिंह की अध्यक्षता में बैठक, डेंटल यूनिट शुरू; शव वाहन, मरचुरी, 64 KVA DG सेट सहित स्टाफ नर्स व चौकीदार की नियुक्ति का निर्णय

8
0
hey

एमसीबी

एमसीबी भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विधायक श्रीमती रेणुका सिंह की अध्यक्षता में जीवन दीप समिति (JDS) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, अस्पताल अधोसंरचना के विकास तथा मरीजों एवं उनके परिजनों की सहूलियत से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।


बैठक के दौरान केल्हारी में नई डेंटल यूनिट का शुभारंभ किया गया। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को दांतों से संबंधित उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर दंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

विधायक निधि से शव वाहन की घोषणा
विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी विधायक निधि से सर्वसुविधायुक्त शव वाहन (मॉर्चरी वैन) उपलब्ध कराने की घोषणा की। इससे जरूरतमंद परिवारों को शव परिवहन की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें आर्थिक एवं व्यावहारिक परेशानियों से राहत मिलेगी।

अस्पताल अधोसंरचना को मिलेगा विस्तार
बैठक में चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवास, किचन शेड तथा अस्पताल की अधूरी बाउंड्री वॉल के निर्माण पर भी सहमति बनी। इन कार्यों को CMPHDF मद से कराये जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
वहीं अस्पताल में DMF मद से मरचुरी स्थापित करने की दिशा में भी जल्द कार्रवाई किए जाने पर सहमति बनी। अस्पताल में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 64 KVA DG सेट उपलब्ध कराने हेतु शासन को मांग पत्र भेजा जाएगा।

CCTV और Ac से बढ़ेगी मरीजों की सुविधा
जीवन दीप समिति मद से अस्पताल परिसर में मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए Ac की व्यवस्था तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए CCTV कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। इससे अस्पताल परिसर की निगरानी बेहतर होने के साथ मरीजों और उनके परिजनों को अधिक सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि, नई नियुक्तियों को मंजूरी
बैठक में JDS कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि का निर्णय लिया गया। साथ ही अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए JDS मद से स्टाफ नर्स एवं चौकीदार के पदों पर नई नियुक्तियां करने का भी फैसला लिया गया।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत सदस्य अनीता, विधायक प्रतिनिधि एवं मंडल अध्यक्ष केल्हारी श्री रवि गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। चिकित्सा एवं प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, SDM केल्हारी श्रीमती इंदिरा मिश्रा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश जायसवाल, जनपद CEO सुश्री वैशाली सिंह, संस्था प्रभारी डॉ. महेश सिंह, श्री शिशिर जायसवाल एवं डॉ. वासिक असदक सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा CGMSC के कार्यपालन अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता, CSEB के कनिष्ठ अभियंता, वन विभाग के उप वनमंडलाधिकारी, थाना प्रभारी केल्हारी, BPM मनेन्द्रगढ़ श्री सुलेमान खान, चिकित्सा अधिकारी केल्हारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में लिए गए निर्णयों से केल्हारी क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र में उपचार, अधोसंरचना, सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति एवं मानव संसाधन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here