Home कोरिया सूरजपुर, रामानुजनगर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, समाजसेवियों व स्काउट-गाइड ने...

सूरजपुर, रामानुजनगर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, समाजसेवियों व स्काउट-गाइड ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

8
0
hey

सूरजपुर

सूरजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर में शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्काउट-गाइड सदस्यों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
इस अवसर पर सभी रक्तदाताओं ने मानव सेवा का संदेश देते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका शर्मा ने सभी रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए उनके इस मानवीय कार्य की सराहना की।


उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।

शिविर में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष/सदस्य, स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। रक्तदान करने वालों में डॉ. प्रियंका शर्मा, आयुष चिकित्सक डॉ. सीमा त्रिपाठी, राजेश द्विवेदी, ऋषि दूबे, अभिषेक उपाध्याय, स्काउट मास्टर योगेश साहू, संदीप तिवारी, श्रीकांत पांडेय, विवेक शुक्ला, संजू गुप्ता, रघुनाथ जायसवाल, शिवम दूबे सहित अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।


शिविर में कुल 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो भविष्य में आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोगी रहेगा। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में जिला चिकित्सालय सूरजपुर से आई टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में डॉ. यशोदा मिर्धा (पैथोलॉजिस्ट), अशोक सिंह (एम.एल.टी.), शालिनी गुर्जर, अंजली साहू (काउंसलर) एवं जय सिंह ने रक्त संग्रहण एवं शिविर संचालन में अपनी सेवाएं प्रदान कीं। रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे शिविर समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम, जिला चिकित्सालय सूरजपुर, स्काउट-गाइड संगठन, सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नियमित रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here