सूरजपुर
सूरजपुर/27 जुलाई 2026/ जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार तथा स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, सूरजपुर के संयुक्त तत्वावधान में 27 जुलाई 2026 (सोमवार) को
लाइवलीहुड कॉलेज (परी), सूरजपुर में एक-दिवसीय रोजगार मेला/प्लेसमेंट कैम्प का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। रोजगार विभाग के ऑनलाइन पोर्टल https:\\erojgar.cg.gov.in के माध्यम से पंजीकृत आवेदकों ने इस प्लेसमेंट कैम्प में बढ़-चढ़कर भाग लिया। दूर-दराज एवं ग्रामीण अंचलों से आए अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु स्थल पर ही मार्गदर्शन एवं सहायता डेस्क की व्यवस्था की गई थी, जिससे युवाओं को प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मेले में कुल 295 प्रस्तावित पदों के लिए चार प्रमुख नियोजक संस्थाओं ने सहभागिता की, जिसमें 450 आवेदक उपस्थित हुए और शत-प्रतिशत निःशुल्क प्रक्रिया के तहत भर्ती कार्यवाही संपन्न हुई। रोजगार मेले में सहभागी संस्थाओं में सेफ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विस जशपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 70 पदों, वेदांता स्किल स्कूल/लर्नेट स्किल्स लिमिटेड कोरबा द्वारा फिटर, वेल्डर,
होटल मैनेजमेंट एवं सिलाई मशीन ऑपरेटर के 125 पदों, श्रमिन टैलेंट प्रा.लि. नोएडा (यूपी) द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 20 पदों तथा वाई.ए. देवी एसोसिएट्स अंबिकापुर द्वारा फाइनेंशियल कंसल्टेंट, सेल्स मैनेजर एवं बिजनेस एसोसिएट्स के 80 पदों की पेशकश की गई।रोजगार मेले के दौरान विभिन्न निजी क्षेत्रों के अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों का सीधे साक्षात्कार लिया गया। अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों, मूल प्रमाण पत्रों एवं आधार कार्ड का सत्यापन कर प्राथमिक चयन एवं शॉर्टलिस्टिंग की कार्यवाही पूर्ण की गई। जिला रोजगार अधिकारी, सूरजपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संपूर्ण प्रक्रिया में कार्यालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता (फैसिलिटेटर) के रूप में रही। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने हेतु शासन की मंशा के अनुरूप इस प्रकार के आयोजन भविष्य में निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

