सूरजपुर/27 जुलाई 2026/ जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, सूरजपुर में भारत सरकार की फ्लैगशिप योजना प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के अंतर्गत युवाओं के लिए नए बैच में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
इस प्रशिक्षण सत्र में जल वितरक संचालक, असिस्टेंट मेसन, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन, प्लम्बर तथा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं अथवा 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, तथा अभ्यर्थियों की आयु 14 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदन हेतु आधार कार्ड, बैंक पासबुक, अंतिम शैक्षणिक योग्यता का प्रमाणपत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो आवश्यक दस्तावेजों में शामिल हैं।
यह संपूर्ण प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, आधुनिक लैब में प्रायोगिक प्रशिक्षण तथा अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सॉफ्ट स्किल्स, डिजिटल साक्षरता एवं वित्तीय साक्षरता जैसे व्यक्तित्व विकास से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल दस्तावेजों एवं उनकी फोटोकॉपी सहित जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, सूरजपुर में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश ‘‘पहले आओ, पहले पाओ‘‘ के आधार पर दिया जाएगा तथा पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

