सूरजपुर/27 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित स्पॉन संवर्धन योजना के अंतर्गत मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बसदेई में विकासखंड ओड़गी एवं प्रतापपुर के 04 आदिवासी मत्स्य कृषकों को निःशुल्क मत्स्य बीज (स्पॉन) एवं नर्सरी जाल का वितरण किया गया। इनमें ओड़गी विकासखंड से 02 एवं प्रतापपुर विकासखंड से 02 हितग्राही शामिल रहे।

मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बसदेई में तैयार गुणवत्तायुक्त स्पॉन को सुरक्षित ऑक्सीजन पैकिंग के माध्यम से हितग्राहियों तक पहुंचाया गया, जिससे परिवहन के दौरान बीज की गुणवत्ता एवं जीवित रहने की क्षमता बनी रहे। इसके साथ ही स्पॉन के वैज्ञानिक पालन एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक हितग्राही को नर्सरी जाल भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हितग्राहियों को तालाब की तैयारी, स्पॉन संचयन, नर्सरी प्रबंधन, जल गुणवत्ता संरक्षण तथा वैज्ञानिक मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। विभाग का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति वर्ग के मत्स्य कृषकों को गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज, आवश्यक सामग्री एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि करना तथा जिले में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना है।

