विशेष समाचार – बेनी माधव कुशवाहा
(डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर शहडोल)
शहडोल (जयसिंहनगर)। ग्राम पंचायत दरैन खरिखा टोला, विकासखंड जयसिंहनगर, जिला शहडोल (मध्य प्रदेश) में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विगत दो-तीन दिनों से बिजली विभाग के कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर से ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी है, जिससे पूरे क्षेत्र के उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने समय पर बिजली बिल जमा कर दिया है, वे भी अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। यदि किसी उपभोक्ता का बिल बकाया है तो नियमानुसार केवल उसी का कनेक्शन काटा जाना चाहिए, लेकिन पूरे गांव की बिजली बाधित कर देना आम जनता के साथ अन्याय है।

बरसात के मौसम में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। रात के समय सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा बना रहता है। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी, अंधेरा और आवश्यक घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर मनमानी और गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए मांग की है कि जिन उपभोक्ताओं ने बिल जमा कर दिया है, उनकी बिजली तत्काल बहाल की जाए तथा केवल नियमों के अनुसार बकायादार उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। अन्यथा ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और जनआंदोलन की चेतावनी दी है।

