Home छत्तीसगढ़ सूरजपुर, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर में...

सूरजपुर, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर में आज “बैगलेस डे” का किया गया आयोजन

7
0
hey

सूरजपुर/25 जुलाई 2026/ जिला कलेक्टर के आदेशानुसार आज पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर सूरजपुर में प्राचार्य श्रीमती पुष्पा राय के मार्गदर्शन में “बैगलेस डे” के अवसर पर ‘न्योता भोजन’ तथा ‘पोषण वाटिका निर्माण’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
“प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण” योजना के अंतर्गत आयोजित न्योता भोजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यार्थियों को अतिरिक्त पूरक पोषण आहार प्रदान किया तथा सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाया।


इसके साथ ही, विद्यार्थियों को ताजी एवं हरी सब्जियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूथ एवं इको क्लब के प्रभारियों तथा छात्रों के सहयोग से सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए मौसमी व बेलदार सब्जियों के बीज रोपकर पोषण वाटिका का निर्माण कराया गया।
इस कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री देवधन राम, अध्यक्ष शिवनंदनपुर श्री हरीश राजवाड़े, जयनगर सरपंच श्रीमती राधा बाई, एसएमसी सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि श्री देव शरण सिंह, मो. जाहिद अली, श्रीमती जीरो बाई एवं गणमान्य लोगों की गरिमामई उपस्थिति रही।


इस एक दिवसीय विशेष अभियान का निरीक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री हरेंद्र कुमार सिंह एवं जयनगर संकुल समन्वयक श्री संजय मिश्रा द्वारा किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनइपी) 2020 के दिशानिर्देशों के अनुरूप विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के लिए ‘बैगलेस डे’ (बस्ता-मुक्त दिवस) का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य नन्हे बच्चों को किताबी बोझ से मुक्त रखकर उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक कौशल को उभारना था। बच्चों ने कारगिल दिवस एवं अभिभावक दिवस के थीम पर रंग-बिरंगे स्केच और कागजों का उपयोग कर आकर्षक ‘थैंक यू कार्ड्स’ और शुभकामना संदेश निर्मित किए। नन्हे बच्चों ने स्वयं की बनाई कलाकृतियों को हाथों में लेकर खुशी-खुशी प्रदर्शित किया और उनके पीछे छिपी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
अतिथियों ने बच्चों के मध्य पहुँचकर उनके द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया। अतिथियों ने नन्हे बच्चों के हुनर, लगन और कल्पनाशक्ति की प्रशंसा की तथा उन्हें ऐसे रचनात्मक कार्यों में सदैव आगे रहने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व प्राचार्य श्री वीरेंद्र जायसवाल, माध्यमिक शाला की प्रधान पाठिका श्रीमती आरती गुप्ता, प्राथमिक शाला प्रधान पाठिका सुश्री मोनिका मलिक, अभिभावक श्री हीरामन बरई, श्री रितेश गुप्ता, श्री रविशंकर गुप्ता, श्रीमती प्रीति सोनी, श्रीमती रचना सिंह,विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं एवं सभी अभिभावक गण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here