
कोरिया, 21 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, कोरिया के मार्गदर्शन में तथा जिला मिशन समन्वयक श्रीमती दीपिका पटेल के नेतृत्व में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल गढ़तर में ऑनलाइन सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को इंटरनेट, सोशल मीडिया एवं डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के साथ-साथ फिशिंग, लॉटरी फ्रॉड, पहचान चोरी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें सुरक्षित डिजिटल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, सभी महत्वपूर्ण खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन या लॉग-इन वेरिफिकेशन सक्रिय रखने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बाल हितैषी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को सखी वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, पुलिस हेल्पलाइन-112 तथा छत्तीसगढ़ महिला कोष सहित अन्य योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना रहा।

