Home एम.सी.बी. जिला एमसीबी,सेवा सेतु पोर्टल बना ग्रामीणों का भरोसेमंद सहारा, मात्र 10 दिनों...

जिला एमसीबी,सेवा सेतु पोर्टल बना ग्रामीणों का भरोसेमंद सहारा, मात्र 10 दिनों में मिले आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, ग्राम हरचौका निवासी संतोष यादव को बिना भागदौड़ मिली समयबद्ध शासकीय सेवा, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

5
0
hey

एमसीबी/22 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को त्वरित, सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों के लिए एक भरोसेमंद डिजिटल माध्यम बनकर उभर रहा है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए आवेदन कर रहे हैं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। एमसीबी जिले के विकासखंड भरतपुर अंतर्गत ग्राम हरचौका निवासी संतोष यादव इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
संतोष यादव ने अपने पुत्र मुकेश यादव के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के उपरांत संबंधित विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेजों का परीक्षण एवं सत्यापन किया गया। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न हुई तथा मात्र 10 दिनों के भीतर तीनों प्रमाण पत्र तैयार कर दिए गए। प्रमाण पत्र तैयार होने के बाद तहसीलदार भरतपुर श्री नीरज कांत तिवारी ने संतोष यादव को उनके पुत्र के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सौंपे। समय पर सभी आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने से संतोष यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पहले ऐसे कार्यों के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से उनका पूरा कार्य बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के सहज, पारदर्शी और समय पर पूरा हो गया।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से शासकीय सेवाओं की उपलब्धता ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। इससे न केवल समय और धन की बचत हो रही है, बल्कि सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ भी कम हो रही है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल ने आम नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं तक पहुंच को पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और सुविधाजनक बना दिया है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन का सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों को घर बैठे विभिन्न विभागों की ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराने वाला एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है। यह पोर्टल CHiPS के ई-डिस्ट्रिक्ट सिस्टम का उन्नत संस्करण है, जिसके माध्यम से 441 से अधिक शासकीय एवं लोक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएँ, राजस्व सेवाएं सहित अनेक विभागीय सुविधाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से सेवा वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध बनाई गई है। नागरिक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल प्रदेश में सुशासन और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक शासकीय सेवाओं के लिए सेवा सेतु पोर्टल का उपयोग करें और डिजिटल माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी प्राप्त करने एवं विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने हेतु नागरिक सेवा सेतु पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट https://sewasetu.cgstate.gov.in का उपयोग कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here