एमसीबी/22 जुलाई 2026/ जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के तत्वावधान में 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों पर योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और इसमें भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
रोजगार मेला जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र परिसर में प्रातः 11ः00 बजे से शाम 4ः00 बजे तक आयोजित होगा। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। इससे जिले के युवाओं को अपने गृह जिले में ही रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, स्नातक, डी.फार्मा, बी.एससी., पीजीडीसीए, बीसीए, डीसीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, डीएमएलटी एवं बीएमएलटी सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अलग-अलग योग्यता एवं अनुभव के अनुरूप कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। मेले में esa Shramin Talent Pvt- Ltd- द्वारा मीटर इंस्टॉलेशन के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 18 हजार रुपये प्रतिमाह तक का वेतन प्रदान किया जाएगा। वहीं SBI Life Insurance द्वारा सेल्स मैनेजर एवं सेल्स एडवाइजर के पदों पर भर्ती की जाएगी, जहां योग्य उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन के साथ प्रोत्साहन एवं कमीशन का लाभ भी मिलेगा।
इसके अतिरिक्त मेट्रो हॉस्पिटल, मनेंद्रगढ़ द्वारा फार्मासिस्ट, कंप्यूटर ऑपरेटर, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन एवं ओटी टेक्नीशियन के विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक का वेतन दिया जाएगा। इससे स्वास्थ्य एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं को भी रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल अथवा CG Rojgar Panjiyan App पंजीयन होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, वे पहले अपना पंजीयन सुनिश्चित कर लें, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर उपस्थित हों। इनमें शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। दस्तावेजों की पूर्ण तैयारी से चयन प्रक्रिया सुगम एवं त्वरित होगी। जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवाओं से इस रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। यह रोजगार मेला युवाओं के कौशल, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा और जिले में रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

