टीएल बैठक में कड़े निर्देश- राजस्व प्रकरणों की जवाबदेही एसडीएम-तहसीलदारों पर 25 जुलाई को सभी समितियों में लगेगा एग्रीस्टेक शिविर, सड़कों से मवेशी हटाने और लंबित बिजली बिलों के भुगतान पर भी सख्ती
जिले में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन और अन्य जनशिकायतों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का केवल औपचारिक नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदक को समाधान की जानकारी भी अनिवार्य रूप से दी जाए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित राजस्व प्रकरणों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इन मामलों के शीघ्र निराकरण की सीधी जवाबदेही संबंधित एसडीएम और तहसीलदारों की होगी तथा अनावश्यक लंबित प्रकरणों पर जवाबदेही तय की जाएगी।

किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने 25 जुलाई को जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख समितियों में एग्रीस्टेक पंजीयन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, कृषि और संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिले की सड़कों और चौक-चौराहों पर विचरण कर रहे मवेशियों की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई। कलेक्टर ने नगर निकाय, पंचायत, पशुपालन, राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर मवेशियों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि इस कार्य में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शासकीय विभागों के लंबित बिजली बिलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासन पर अनावश्यक वित्तीय भार न बढ़े।

पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने पौधरोपण और ‘कैच द रेन’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए मनरेगा, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय, वन और उद्यानिकी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने को कहा।

कलेक्टर ने आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर विशेष दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशानुरूप तैयारी में जुट जाए साथ ही जिन विभागो को जिम्मेदारी दी गई है, वह शत प्रतिशत कार्य करें। बता दें इस वर्ष भी जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शासकीय आदर्श रामानुज स्कूल के मिनी स्टेडियम में की जाएगी।
बैठक के बाद कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समाधान ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है।
बैठक में नव पदस्थ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री योगेन्द्र श्रीवास, एडीएम श्री सुरेन्द्र वैद्य, अपर कलेक्टर श्री डीडी मण्डावी सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

