Home कोरिया सूरजपुर, आयुष्मान महा-अभियान: तीन दिनों में 7,505 कार्ड बने, हजारों परिवारों को...

सूरजपुर, आयुष्मान महा-अभियान: तीन दिनों में 7,505 कार्ड बने, हजारों परिवारों को मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

9
0
hey

                       

सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल पैकरा के मार्गदर्शन में जिले में 16 से 18 जुलाई 2026 तक तीन दिवसीय आयुष्मान कार्ड महा-अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान में स्वास्थ्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से बड़ी संख्या में हितग्राहियों के आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड बनाए गए।
अभियान के दौरान जिले में 6,647 सामान्य आयुष्मान कार्ड तथा 858 आयुष्मान वय वंदन कार्ड तैयार किए गए। इस प्रकार कुल 7,505 कार्ड बनाकर पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया। इसके साथ ही अभियान के दौरान 2,100 आभा आईडी भी बनाई गईं, जिससे नागरिकों का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई।
जिले में अब तक 7 लाख 62 हजार 980 आयुष्मान कार्ड तथा 14 हजार 243 आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह उपलब्धि जिले में प्रत्येक पात्र नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 

आयुष्मान भारत योजना से मिलेगा पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार:-
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। इस योजना के माध्यम से सरकारी एवं चिन्हित निजी अस्पतालों में गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन, भर्ती, जांच एवं उपचार की सुविधा बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध होती है। इससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए कर्ज लेने या आर्थिक संकट का सामना नहीं करना पड़ता।

 

वय वंदन कार्ड से वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुरक्षा:-
70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पात्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाए जा रहे आयुष्मान वय वंदन कार्ड के माध्यम से उन्हें भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। यह पहल बुजुर्गों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आभा आईडी से बनेगा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड:-
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बनाई गई आभा आईडी नागरिकों के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने में सहायक होगी। इसके माध्यम से मरीज का उपचार संबंधी विवरण ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा, जिससे किसी भी अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों को आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी आसानी से मिल सकेगी और उपचार अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक होगा।
जिला प्रशासन ने ऐसे सभी पात्र नागरिकों से अपील की है, जिन्होंने अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड अथवा आभा आईडी नहीं बनवाई है, वे अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान केंद्र, ग्राम पंचायत अथवा निर्धारित पंजीयन स्थल पर पहुंचकर शीघ्र अपना पंजीयन कराएं और शासन की इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here