कोरिया 15 जुलाई 2026/ एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, घुघरा विकासखण्ड सोनहत में स्मार्ट टी.वी. के माध्यम से डिजिटल शिक्षण प्रारंभ शुरु हो गया है।

सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश तहत विद्यालय में स्मार्ट टी.वी. उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने जानकारी दी है कि निर्देशों के अनुरूप विद्यालय में स्मार्ट टी.वी. स्थापित किए जाने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई अधिक प्रभावी, रोचक एवं तकनीक आधारित हो गई है। इसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं

विज्ञान, गणित, भूगोल जैसे विषय अब 3डी एनिमेशन, शैक्षिक वीडियो एवं ग्राफिक्स के माध्यम से सरलता से समझाए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को ऑनलाइन वीडियो लेक्चर, विशेषज्ञों के मार्गदर्शन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध हो रही है। विभिन्न शिक्षण ऐप्स एवं डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ी है तथा उनकी सीखने की गति में सुधार हुआ है।

व्यावसायिक पाठ्यक्रमों एवं स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों के वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि हो रही है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की डॉक्यूमेंट्री, सामान्य ज्ञान तथा जनजातीय संस्कृति से संबंधित सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन हो रहा है।
स्मार्ट टी.वी. की स्थापना से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, घुघरा में अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता, आधुनिक तकनीक के प्रति रुचि, सामान्य ज्ञान तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रति जागरूकता में भी निरंतर वृद्धि हो रही है।

