Home कोरिया छत्तीसगढ़,सूरजपुर दिशा समिति की बैठक में योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा

छत्तीसगढ़,सूरजपुर दिशा समिति की बैठक में योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा

6
0
hey

सांसद श्री चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील रहीं उपस्थित
गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन एवं जनभागीदारी पर दिया गया विशेष बल

पात्र हितग्राहियों तक समय पर योजनाओं का लाभ पहुँचाने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

सूरजपुर/14 जुलाई 2026/ जिला पंचायत सभाकक्ष में आज सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं पूर्ण आवासों की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल संचय जनभागीदारी अभियान, जल जीवन मिशन, अमृत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पेयजल प्रदाय व्यवस्था तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई।
स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सांसद ने समूहों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने, उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को “लखपति दीदी” अभियान से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने उद्यानिकी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जिले में ग्राफ्टिंग तकनीक से पौध निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।


बैठक में केंद्रीय पेंशन योजना, पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं, डेयरी विकास, मत्स्य पालन विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तथा कृषि एवं सिंचाई से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। जल संसाधन विभाग द्वारा खरीफ एवं रबी फसलों हेतु निर्धारित सिंचाई लक्ष्य एवं उपलब्धि की जानकारी प्रस्तुत की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पूरक पोषण आहार, प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन एवं भवन निर्माण, रिक्त पदों पर भर्ती तथा पूरक पोषण आहार की आपूर्ति एवं जिले में उसके उत्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान भारत योजना एवं हाट-बाजार क्लीनिक योजना तथा शिक्षा विभाग से शाला प्रवेशोत्सव, शिक्षकों की उपस्थिति एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित अन्य जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री सड़क योजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित भौतिक परीक्षण कराने तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से निर्माण कार्यों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुँचे, निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूर्ण हों तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए।


बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ब्लैक स्पॉट की पहचान, समुचित सड़क सुरक्षा संकेतक लगाने तथा जनजागरूकता जैसे विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आमजन को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, अतः इस दिशा में वृहद अभियान चलाया जाए।


बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, जनपद पंचायत सूरजपुर अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, दिशा समिति के सदस्यगण सहित जिला एवं जिला पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here