नाबालिग आदिवासी आत्महत्या प्रकरण में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो फरार; पुलिस ने तेज की जांच, साक्ष्य संकलन जारी
आईसी मार्ट पहुंचकर कराई गई घटनास्थल की जांच, एसपी ने बुलाई महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता; निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई का भरोसा बैकुण्ठपुर। जिले में चर्चित नाबालिग आदिवासी युवती आत्महत्या प्रकरण में कोरिया पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

मामले के मुख्य आरोपी विनोद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर बैकुण्ठपुर स्थित आईसी मार्ट पहुंची, जहां घटना से जुड़े तथ्यों का सत्यापन, घटनास्थल का निरीक्षण तथा आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरिया में पुलिस अधीक्षक द्वारा महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें जिले के पत्रकारों को आमंत्रित किया गया। प्रेस वार्ता में पुलिस ने अब तक की जांच, आरोपी की गिरफ्तारी तथा आगे की विवेचना से संबंधित जानकारी साझा की।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
गौरतलब है कि कथित चोरी के आरोप के बाद मानसिक तनाव में 17 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया था। घटना के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आदिवासी समाज ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की थी।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रकरण की जांच निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी तरह साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप की जा रही है। मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध भारतीय कानून के प्रावधानों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मामले से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें तथा जांच प्रक्रिया में पुलिस का सहयोग करें। वहीं, पूरे जिले की निगाह अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

