Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक संपन्न एचपीवी टीकाकरण सप्ताह एवं...

कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक संपन्न एचपीवी टीकाकरण सप्ताह एवं माय भारत पंजीयन पर दिए आवश्यक निर्देश

2
0

15 वर्ष की बालिकाओं का शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण तथा 15 से 29 वर्ष के 25 हजार युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने के लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

सूरजपुर/13 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिले में 13 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह के सफल आयोजन हेतु महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर का प्रमुख कारण है तथा समय पर लगाया गया टीका इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा की प्रभावी ढाल है।

कलेक्टर ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह अंतर्गत शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, अनुदान प्राप्त विद्यालयों, आश्रम-छात्रावासों, मदरसों तथा विद्यालय से बाहर की पात्र बालिकाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए, जिन क्षेत्रों में उपलब्धि अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष फोकस करने की बात कहीं। उन्होंने शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से तय समय सीमा के भीतर निर्धारित लक्ष्य पूर्ण करने को कहा। इसके साथ ही प्रत्येक टीकाकरण सत्र की जानकारी यू-विन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिये।

इसी क्रम में बैठक में माय भारत (मेरा युवा भारत) के अंतर्गत गठित जिला सलाहकार एवं जिला समन्वय समिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 25 हजार युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने के लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, कौशल विकास संस्थानों, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र तथा अन्य युवा संगठनों के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर अधिकाधिक पात्र युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करें।


उल्लेखनीय है कि माय भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच है, जिसके माध्यम से उन्हें स्वयंसेवा, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास, कौशल संवर्धन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों में भागीदारी के अवसर प्राप्त होते हैं। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि सभी पात्र युवा वेबसाइट www.mybharat.gov.in पर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
बैठक में कलेक्टर ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष की प्रत्येक पात्र बालिका को निकटतम सत्र में निःशुल्क एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं तथा पात्र युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़कर इन जनहितकारी अभियानों को सफल बनाने में सहयोग करें।

बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सर्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here