कलेक्टर रेना जमील एवं जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले के नेतृत्व में अधिकारी बने निक्षय मित्र
समय सीमा बैठक में 20 टीबी मरीजों को गोद लेकर मिली अतिरिक्त पोषण सहायता अभियान के प्रारंभ से अब तक 96 निक्षय मित्र पंजीकृत, 1432 पोषण आहार किट का वितरण

सूरजपुर/13 जुलाई 2026/ स्वास्थ्य विभाग ने सूरजपुर जिले में ‘‘टीबी मुक्त भारत – गांव गांव, शहर शहर‘‘ 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत चिन्हांकित क्षय रोगियों के उपचार एवं पोषण आहार उपलब्ध कराने के साथ ही नये निक्षय मित्र जोड़ने का अभियान प्रारंभ किया है। इस पहल के तहत सामाजिक स्तर पर लोग क्षय रोगियों को गोद लेंगे और अगले छह माह से अपनी इच्छानुसार एक वर्ष अथवा तीन वर्ष तक उनके पोषण का ध्यान रखेंगे।

प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र अभियान को जिले की कलेक्टर रेना जमील एवं जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले के नेतृत्व में नई दिशा दी गई। समय सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न अधिकारियों द्वारा कुल 20 टीबी मरीजों को अभियान के अंतर्गत गोद लेकर उन्हें अतिरिक्त पोषण सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि जिले में टीबी रोगियों को दानदाताओं की उपस्थिति में पोषण आहार किट का वितरण किया जा रहा है, जो आम जनों के लिए राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़ने और टीबी मुक्त भारत अभियान में अपना योगदान देने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान से जिले में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, मरीजों के प्रति भेदभाव समाप्त होगा तथा सूरजपुर को टीबी मुक्त जिला बनाने में सहायता मिलेगी।
जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान एवं पोषण आहार किट के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर एवं सीईओ की अपील पर महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल, खाद्य अधिकारी संदीप भगत, वन विभाग के एसडीओ अशोक तिवारी, माइनिंग ऑफिसर भूषण पटेल, सहायक संचालक उद्यान जयपाल सिंह मारवी, डीएमसी समग्र शिक्षा मनोज साहू, डॉ. नृपेन्द्र सिंह, आर.ई.एस. से संजय कुमार गोढ़, ट्रेजरी ऑफिसर प्रेमशंकर तिवारी, उप संचालक पंचायत विक्रम बहादुर, ईडीएम सुमित सिंह, डीआईओ एनआईसी रोहन सिंह, जनपद ओढ़गी के सीईओ नीलेश सोनी, जनपद भैयाथान के सीईओ विनय गुप्ता, जनपद प्रतापपुर के सीईओ अनिल तिवारी एवं जीएम डीआईसी फिलिप तिग्गा ने निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को उनके उपचार के दौरान पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक कुल छह माह अतिरिक्त पोषण सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया। ये सभी निक्षय मित्र जिले के चयनित टीबी मरीजों को उच्च प्रोटीनयुक्त पोषण आहार किट प्रतिमाह उपलब्ध कराएंगे।

इस अवसर पर जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. राजेश पैंकरा एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप नामदेव के निर्देश पर सभी निक्षय मित्रों का पंजीयन निक्षय पोर्टल पर किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैंकरा ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत दो प्रकार के कार्यक्रम-अतिरिक्त पोषण सहायता एवं सामाजिक-मानसिक सहायताकृसंचालित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रारंभ से अब तक कुल 96 निक्षय मित्र बनाए गए हैं, जिनमें 70 निक्षय मित्र अतिरिक्त पोषण सहायता के लिए एवं 26 निक्षय मित्र सामाजिक-मानसिक सहायता के लिए पंजीकृत हैं। अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 1432 पोषण आहार किट टीबी मरीजों को प्रदान की गई हैं, जबकि कुल 156 मरीजों को मानसिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक-मानसिक सहायता हेतु माय भारत वालंटियर एवं एन.एस.एस. के सदस्यों को कार्यक्रम से जोड़कर सहयोग लिया जा रहा है। इसी प्रकार पोषण सहायता कार्यक्रम में प्रकाश इंडस्ट्रीज, एस.ई.सी.एल. सहित अन्य उद्योगों के सीएसआर मद तथा युवा साथी फाउंडेशन, एस.आर.पी.आर. मल्टीस्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, साधुराम विद्या मंदिर एवं पाण्डे पैथोलैब जैसी संस्थाओं के योगदान से कुल 163 मरीजों को निरंतर सहायता पहुंचाई जा रही है। शीघ्र ही शत-प्रतिशत मरीजों को पोषण आहार किट उपलब्ध कराने हेतु दानदाताओं को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।

