सूरजपुर
शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर
“नवजीवन” नशा विरोधी जन जागरूकता महाअभियान का आयोजन “नशे को ना कहें, जीवन को हां कहें” के संदेश के साथ छात्र-छात्राओं ने ली नशा मुक्त भारत की शपथ

सूरजपुर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं थाना चांदनी बिहारपुर के संयुक्त सहयोग से हुआ प्रेरक कार्यक्रम
क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी का आह्वान; महाविद्यालय एवं पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी हुए शामिल

सूरजपुर, नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में शासकीय नवीन महाविद्यालय, चांदनी बिहारपुर में “नवजीवन” नशा विरोधी जन जागरूकता महाअभियान के अंतर्गत “नशे को ना कहें, जीवन को हां कहें” विषय पर एक प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं स्थानीय थाना चांदनी बिहारपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें भारत को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से महाविद्यालय एवं थाने के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रभारी श्री रंजीत कुमार सातपुते की उपस्थिति तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी श्री धीरेंद्र कुमार जायसवाल एवं सहायक उप निरीक्षक श्री क्षेत्रपाल सिंह के नेतृत्व एवं संचालन में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर श्री धीरेंद्र कुमार जायसवाल द्वारा उपस्थित समस्त विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई। थाना सहायक प्रभारी श्री क्षेत्रपाल सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने की समझाइश दी और आह्वान किया कि वे अपने घर, आस-पड़ोस, मोहल्ला, टोला एवं बिहारपुर क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं जागरूकता के माध्यम से अपने गांव, घर, मोहल्ला एवं क्षेत्र में नशा मुक्ति की पहल कर भारत को नशा मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में थाना चांदनी बिहारपुर से श्री भुवनेश्वर, श्री मनजीत एवं उनके सहयोगी, विधिक सेवा प्राधिकरण से श्री अच्छेबर गुप्ता तथा महाविद्यालय परिवार से श्री संदीप मिंज, सुश्री लक्ष्मी साहू सहित समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

