साप्ताहिक समय-सीमा बैठक का आयोजन
कोरिया, 07 जुलाई 2026/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने विभिन्न विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी योजनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में सुशासन तिहार शिविरों एवं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही किसानों के एग्री-स्टैक पंजीयन में तेजी लाने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक सोमवार अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का निराकरण करने तथा विभागीय योजनाओं से संबंधित अभिलेख एवं जानकारी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों में नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ गिरने एवं विद्युत संबंधी आपात स्थितियों से निपटने की पूर्व तैयारी रखने तथा संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जलाशयों एवं नहरों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के पश्चात आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शिकायतों एवं मांगों से संबंधित 41 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर सुरेंद्र वैद्य, अपर कलेक्टर डी.डी. मण्डावी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर उमेश पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनहत अमित कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

