कोरिया, 04 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देश तथा कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव 2026 का आयोजन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर के ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवीन शैक्षणिक सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करना, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करना रहा।
शाला प्रवेश कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कक्षा पहली एवं छठवीं में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश प्रदान कर स्वागत किया गया। अतिथियों ने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। कक्षा 10वीं में सेजेस महलपारा बैकुंठपुर की अंशिका कश्यप ने 98.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में छठवाँ तथा कन्या उमावि की आलिया परवीन ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सातवाँ स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 12वीं में सेजेस महलपारा की उन्नति जायसवाल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में आठवाँ स्थान प्राप्त किया। पहली बार कोरिया जिले के इतने अधिक विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया, जिसमें प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने और शाला प्रवेश उत्सव को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को मिलने वाली विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं जैसे निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, मध्याह्न भोजन एवं सरस्वती साइकिल योजना की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है तथा प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में जिले को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शत-प्रतिशत नामांकन और नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य सहित अनेक शिक्षकगण एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।