सूरजपुर/25 जून 2026/ जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयास से जिले के विकासखंड भैयाथान के ग्राम केनापारा स्थित बसोरपारा में 20 जून 2026 को आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के समक्ष 07 वर्षीय थैलेसीमिया पीड़ित बालिका कुमारी प्रिया, पिता श्री देव कुमार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या रखी गई थी।
बालिका की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशों के परिपालन में स्वास्थ्य विभाग ने तत्परता दिखाते हुए 21 जून 2026 को कुमारी प्रिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में बालिका का उपचार किया गया तथा 22 जून 2026 तक उसे आवश्यकता अनुसार दो यूनिट रक्त (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) उपलब्ध कराया गया। साथ ही भविष्य में नियमित उपचार एवं निगरानी के लिए थैलेसीमिया कार्ड भी जारी किया गया।
वहीं सम्बंधित विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर बालिका का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी तैयार कर प्रदान किया गया, जिससे उसे शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा। कुमारी प्रिया के परिजनों ने त्वरित उपचार एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

