एमसीबी/ 23 जून 2026/ शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगुजा संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 27 जून 2026 (शनिवार) को किया जा रहा है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, अंबिकापुर द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ऑडिटोरियम, अंबिकापुर में आयोजित होगा। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, जिससे संभाग के हजारों युवाओं को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक तथा अन्य तकनीकी एवं व्यावसायिक योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। विभिन्न पदों के लिए संभावित वेतनमान 6 हजार रुपये से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य है। अभ्यर्थी रोजगार विभाग के पोर्टल तथा सीजी रोजगार पंजीयन ऐप के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं। मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। रोजगार विभाग ने सरगुजा संभाग के सभी शिक्षित युवाओं से इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। यह मेला युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और उन्हें निजी क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने का अवसर प्रदान करेगा।

