छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास, शहरीकरण और बढ़ती बिजली खपत को देखते हुए राज्य की विद्युत प्रसारण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड ने महत्वपूर्ण पहल की है।
कंपनी ने भिलाई और कुथरेल (धरसीवां) स्थित 220/132 केवी सबस्टेशनों की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए राज्य के ट्रांसमिशन नेटवर्क में कुल 355 एमवीए अतिरिक्त क्षमता जोड़ी है। इस विस्तार से न केवल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी।
CSPTCL के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने भिलाई और कुथरेल सबस्टेशनों में नए 160 एमवीए क्षमता वाले पावर ट्रांसफार्मरों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कंपनी राज्य में एक आधुनिक, मजबूत और विश्वसनीय विद्युत प्रसारण प्रणाली विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

125 एमवीए से बढ़ाकर 160 एमवीए किया गया ट्रांसफार्मर: 220/132 केवी भिलाई सबस्टेशन में पहले से स्थापित 125 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को अपग्रेड कर 160 एमवीए क्षमता का बनाया गया है। इस विस्तार से सबस्टेशन की बिजली वहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
अधिकारियों के अनुसार इस उन्नयन का लाभ मुख्य रूप से निम्न क्षेत्रों रायपुर, दुर्ग, भिलाई, गुरूर, बालोद आसपास के अन्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र को मिलेगा। नई क्षमता के कारण ट्रांसमिशन नेटवर्क पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार संतुलित किया जा सकेगा, जिससे ओवरलोडिंग की संभावना कम होगी और बिजली आपूर्ति में व्यवधान घटेंगे।

