कोरिया (छत्तीसगढ़)।
कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। ग्राम नौगई में सड़क किनारे खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद को इस घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
कार में मिला जला हुआ शव, मंजर देख दहले लोग
घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन प्रभारी बबलू प्रसाद के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद जब वाहन का दरवाजा खोला गया, तो अंदर एक व्यक्ति का पूरी तरह जला हुआ शव मिला।
यह दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।




इलाज के दौरान दूसरे घायल ने भी तोड़ा दम
घटना में गंभीर रूप से झुलसे एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
वहीं दो अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान, इलाके में शोक
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भरत सिंह स्थानीय भाजपा नेता होने के साथ रेत कारोबार से जुड़े ठेकेदार थे, जबकि नागेंद्र सिंह पेशे से शिक्षक थे।
दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।


रेत विवाद बना वजह? साजिश की जांच तेज
स्थानीय लोगों के अनुसार रेत के कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
फॉरेंसिक टीम जुटी, आईजी कर रहे निगरानी
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही है। सरगुजा रेंज के आईजी भी खुद घटनास्थल पर मौजूद रहकर जांच की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
पुलिस हादसे, आपराधिक साजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।

