Home एम.सी.बी. एमसीबी-जिला स्तरीय समर कैंप में बच्चों की प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन हस्तशिल्प,...

एमसीबी-जिला स्तरीय समर कैंप में बच्चों की प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन हस्तशिल्प, कला, योग, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, अधिकारियों ने की मुक्तकंठ से सराहना………..

9
0

एमसीबी/16 जून 2026/ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट महाविद्यालय, मनेंद्रगढ़ में जिला स्तरीय समर कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पीएम श्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा दस दिवसीय समर कैंप के दौरान तैयार की गई हस्तकलाओं, शिल्प कृतियों, कलात्मक मॉडलों एवं क्राफ्ट सामग्री की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने योग, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी. मीरे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री विपिन पाण्डेय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेंद्रगढ़ के प्राचार्य श्री संजीव कुमार तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मनेंद्रगढ़ के प्राचार्य श्री आर.के. शर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, चंदन वंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौड़ीडीह की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके पश्चात पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड के बच्चों ने राज्य गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला खैरबना की छात्रा द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भी उपस्थित जनों का मन मोह लिया।


समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों द्वारा अर्जित कौशल का प्रदर्शन करते हुए पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड के बच्चों ने योग की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने खूब सराहा। वहीं हारमोनियम पर राष्ट्रगान का वादन पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड के छात्र द्वारा तथा राष्ट्रगीत का वादन पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौड़ीडीह के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दस दिवसीय समर कैंप में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, हस्तशिल्प सामग्री, शिल्प मूर्तियों एवं रचनात्मक मॉडल्स की प्रदर्शनी रही। अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की सृजनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नवाचार और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
उद्बोधन में जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी. मीरे ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर असीम संभावनाएं और प्रतिभाएं निहित होती हैं। समर कैंप जैसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री विपिन पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि समर कैंप में बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रदर्शन शिक्षकों के समर्पण और परिश्रम का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम शिक्षा को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री विद्यालयों की उपलब्धियों एवं नवाचारों की जानकारी प्रधान पाठिका श्रीमती मरियम बड़ा (पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड) एवं श्रीमती निर्मला पाण्डेय (पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला माथमौर) द्वारा विस्तारपूर्वक प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती ज्योति माला सिन्हा, सहायक शिक्षक, पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला चनवारीडांड द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री राजू अहीर, प्रधान पाठक, पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला खैरबना द्वारा किया गया। समापन अवसर पर जिला नोडल अधिकारी श्री पारसमणी द्वारा समर कैंप में सहभागिता करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों की रचनात्मक ऊर्जा और सीखने की उत्सुकता ही भविष्य के सशक्त समाज की आधारशिला है।
कार्यक्रम में व्याख्याता श्री धीरज मिश्रा, संगीत शिक्षक श्रीमती दामिनी पुरी, सहायक शिक्षक साबरा बानो, योग शिक्षक विवेक तिवारी, संगीत शिक्षक जीवेश मौर्य, सहायक शिक्षक संध्या वस्त्रकार, आनंद यादव, संगीत शिक्षक आदित्य अग्रवाल, योग शिक्षक बुद्ध लाल तथा सहायिका मुन्नीबाई सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। जिला स्तरीय समर कैंप का यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को नई पहचान देने वाला प्रेरणादायी मंच साबित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here