सूरजपुर/16 जून 2026/ शासन की किसान हितैषी योजनाएं ग्रामीण किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी ग्राम बसदेई के किसान श्री किशुन सिंह की है, जिन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत प्राप्त प्रोत्साहन राशि का उपयोग अपनी कृषि एवं परिवार के विकास में किया।
श्री किशुन सिंह, पिता स्वर्गीय दुलार साय ग्राम बसदेई निवासी हैं। उनके पास कुल 1.62 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिस पर वे खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्ष 2025-26 में उन्होंने समर्थन मूल्य पर 50 क्विंटल धान का विक्रय किया, जिसके आधार पर उन्हें कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 40 हजार रुपये की बोनस राशि प्राप्त हुई।
किसान किशुन सिंह बताते हैं कि योजना से मिली यह राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई। प्राप्त बोनस राशि का उपयोग उन्होंने घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ खेती की उन्नति के लिए किया। उन्होंने उन्नत किस्म के बीज और कीटनाशक दवाइयों की खरीद कर कृषि कार्य को और बेहतर बनाया। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी राशि खर्च की, जिससे उनके परिवार को आर्थिक संबल मिला।

श्री किशुन सिंह का कहना है कि राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना से प्राप्त अतिरिक्त आय किसानों को खेती में निवेश बढ़ाने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद करती है।
आज किसान किशुन सिंह जैसे अनेक कृषक इस योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। कृषक उन्नति योजना न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

