विशेष समाचार – बेनी माधव कुशवाहा
(डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर शहडोल)
जयसिंहनगर (शहडोल)। विकासखंड जयसिंहनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत दरैनऔर नकटा टोला के बीच स्थित ओदारी नदी एवं जभुल्ला नाले से कथित रूप से अवैध रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों एवं स्थानीय सूत्रों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार रेत का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है,
जिससे प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रेत माफिया खुलेआम नदी और नाले से रेत निकालकर उसका विक्रय कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, अवैध उत्खनन के कारण पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होने के साथ-साथ नदी-नालों के अस्तित्व पर भी खतरा मंडरा रहा है।
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि कुछ कथित रेत कारोबारियों द्वारा प्रशासनिक कार्रवाई का भय न होने जैसी बातें कही जा रही हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग तथा पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि समय रहते अवैध उत्खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में पर्यावरणीय और राजस्व संबंधी नुकसान बढ़ सकता है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध रेत उत्खनन के आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।

