एमसीबी/10 जून 2026/ संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, नवा रायपुर अटल नगर के अंतर्गत संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर तलाशने वाले युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।
आईटीआई में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 की रात्रि 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और अभ्यर्थी निर्धारित वेबसाइट cgiti.admissions.nic.in पर जाकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिले में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, खड़गवां एवं जनकपुर सहित प्रदेश के अन्य आईटीआई संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पूर्व प्रवेश विवरणिका में दिए गए दिशा-निर्देशों एवं नियमों का ध्यानपूर्वक अध्ययन अवश्य करें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी संबंधित आईटीआई संस्थानों के सूचना पटल पर उपलब्ध है। साथ ही किसी भी प्रकार की सहायता अथवा मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी अपने निकटतम औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क कर सकते हैं।

