Home छत्तीसगढ़ सीधी (जयसिंहनगर/शहडोल)-हाई स्कूल परिसर में लगा ट्रांसफार्मर बना खतरे का कारण, हटाने...

सीधी (जयसिंहनगर/शहडोल)-हाई स्कूल परिसर में लगा ट्रांसफार्मर बना खतरे का कारण, हटाने की उठी मांग………

79
0

विशेष समाचार (बेनी माधव कुशवाहा डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर शहडोल)

सीधी (जयसिंहनगर/शहडोल)। विकासखंड जयसिंहनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत सीधी में स्थित शासकीय हाई स्कूल के पीछे बनी बाउंड्री वॉल के अंदर विद्युत विभाग द्वारा स्थापित ट्रांसफार्मर विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों के लिए खतरे का कारण बनता जा रहा है। ट्रांसफार्मर के आसपास चारों ओर विद्युत तारों का जाल फैला हुआ है, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश, आंधी-तूफान अथवा आकस्मिक बिजली गिरने की स्थिति में तार टूटने या शॉर्ट सर्किट होने का खतरा बना रहता है। स्कूल परिसर के समीप होने के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता व्याप्त है। कई बार विद्युत तारों से चिंगारी निकलने एवं तकनीकी खराबी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई है।

स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उक्त ट्रांसफार्मर को आबादी एवं स्कूल परिसर से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही विद्युत विभाग द्वारा सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। अब देखना यह होगा कि विद्युत विभाग एवं प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here