Report Nilesh Sony
पाली-तानाखार
(छत्तीसगढ़)।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन का रूप देने का संदेश देते हुए एक प्रभावी पहल की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा जलाशय के समीप पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मरकाम ने स्पष्ट कहा कि “जल, जंगल और जमीन ही हमारे जीवन का मूल आधार हैं। यदि इन्हें सुरक्षित नहीं रखा गया तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल एक दिन नहीं, बल्कि निरंतर पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इसमें राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम, प्रदेश संगठन मंत्री कुलदीप सिंह मरकाम, प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम टेकाम, युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव जगत नेताम, ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रभवन टेकाम एवं जयप्रकाश मरावी, नगर पंचायत पाली के विधायक प्रतिनिधि राजेश जाटव और मीडिया प्रभारी अमर टेकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति ने इस अभियान को और अधिक मजबूती प्रदान की।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने इस आयोजन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही संभव है। पार्टी लंबे समय से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को अपने मूल एजेंडे में शामिल करते हुए आदिवासी और ग्रामीण हितों की आवाज उठाती रही है।

“जंगल सुरक्षित रहेगा तो आने वाला कल सुरक्षित रहेगा”— इसी मूलमंत्र के साथ आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एक प्रतीकात्मक पहल रहा, बल्कि क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता को नई दिशा देने वाला कदम भी साबित हुआ।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, पाली-तानाखार द्वारा किया गया यह प्रयास राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति राजनीतिक प्रतिबद्धता का एक मजबूत उदाहरण बनकर उभरा है।

