Home छत्तीसगढ़ “चिकित्सक विहीन जिला शहडोल ग्राम पंचायत अमझोर: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना ‘भगवान...

“चिकित्सक विहीन जिला शहडोल ग्राम पंचायत अमझोर: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना ‘भगवान भरोसे’, मरीजों की बढ़ी परेशानी” जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग……..

39
0

— गणेश सोनी
सिटी रिपोर्टर, वशिष्ठ टाइम्स 

अमझोर ग्राम पंचायत, जो आसपास के दर्जनों गांवों के लिए व्यापार और स्वास्थ्य सुविधाओं का मुख्य केंद्र है,  गंभीर स्वास्थ्य संकट से जूझ रहा है।

यहां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डॉक्टर की तैनाती नहीं है, जिससे क्षेत्र की जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है।

अमझोर की भौगोलिक स्थिति और मुख्य सड़क से जुड़ाव के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और ग्रामीण पहुंचते हैं। लेकिन विडंबना यह है कि इतने महत्वपूर्ण केंद्र में चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

वर्तमान में अस्पताल केवल एक कंपाउंडर और एक नर्स के भरोसे संचालित हो रहा है, जो बढ़ती मरीज संख्या के सामने अपर्याप्त साबित हो रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में यहां दो डॉक्टर पदस्थ थे, जिनके कार्यकाल में अस्पताल में साफ-सफाई, बेहतर उपचार और व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध थीं। लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद से स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि “बीमार पड़ने पर हमें समझ नहीं आता कि जाएं तो जाएं कहां। मजबूरी में हमें दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।”

प्रशासन से मांग:
वशिष्ठ टाइम्स के माध्यम से जिला कलेक्टर एवं क्षेत्रीय विधायक से निवेदन किया गया है कि वे इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए अमझोर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह स्थिति और भी भयावह रूप ले सकती है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here