विशेष समाचार (बेनी माधव कुशवाहा डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर शहडोल)
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के विकासखंड जयसिंहनगर अंतर्गत ग्राम दादर में सड़क किनारे एक पानी टैंकर लंबे समय से लावारिस हालत में खड़ा हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की उदासीनता एवं सरपंच व सचिव की लापरवाही के कारण टैंकर को हटाने या उसके उपयोग को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार टैंकर सड़क किनारे खड़ा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है
तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान जहां क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है, वहीं पानी टैंकर का इस प्रकार बेकार पड़े रहना पंचायत व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल मामले का संज्ञान लेकर टैंकर को व्यवस्थित उपयोग में लाए अथवा सुरक्षित स्थान पर हटवाए, ताकि सड़क दुर्घटना जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे जनसुनवाई एवं प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

