दुर्ग जिले में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कें सूनी नजर आईं।
मौसम विभाग ने जिले में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है अगले 48 घंटों में तापमान दो डिग्री तक और बढ़ने की संभावना जताई है। रात का तापमान भी 27.2 डिग्री तक पहुंचने से लोगों को दिन-रात उमस और बेचैनी का सामना करना पड़ रहा,
मौसम विभाग के अनुसार, 25 मई से नौतपा शुरू होगा, जिससे गर्मी और ज्यादा असर दिखा सकती है।

विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंचने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ में इसकी एंट्री 13 जून के आसपास होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार भी मानसून प्रदेश में जगदलपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। इसके बाद दो से तीन दिनों के भीतर मानसून रायपुर पहुंचेगा,
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, लक्षद्वीप क्षेत्र के ऊपर घने बादलों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। इसके बाद छत्तीसगढ़ में मानसून के आगमन की प्रक्रिया तेज होगी। हालांकि इस दौरान मौसमीय परिस्थितियों और हवा के दबाव में बदलाव के कारण इसकी रफ्तार कुछ धीमी रह सकती है।

