Report Nilesh Sony
कोरिया (छत्तीसगढ़), 22 मई 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पार्टी अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जिला महामंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह कार्रवाई सार्वजनिक मंच से पार्टी के विधायक के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में की गई है, जिसने संगठन के भीतर हलचल पैदा कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 को सोनहत क्षेत्र के ग्राम कुशहा में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री मनोज साहू ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में सार्वजनिक मंच से यह मुद्दा उठाया कि “माननीय विधायक का सोनहत क्षेत्र में भ्रमण नहीं होता है।

” इस बयान को पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि यह विषय संगठनात्मक और आंतरिक चर्चा का है, जिसे सार्वजनिक मंच पर उठाना पार्टी पदाधिकारी की मर्यादा और दायित्व के अनुरूप नहीं है।
नोटिस में श्री मनोज साहू से सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम ने राज्य भाजपा संगठन में अनुशासन और आंतरिक संवाद की प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल में पार्टी नेतृत्व ऐसे मामलों पर सख्ती दिखाकर संगठनात्मक एकता बनाए रखना चाहता है।

