छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सरकारी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है।
विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को 30 जून तक प्रवेश दिया जाएगा। एडमिशन से जुड़ी प्रक्रियाएं 20 मई से शुरू होंगी और सभी स्कूलों को तय समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों से पहले अपने कैचमेंट क्षेत्र का निर्धारण करने को कहा है। कैचमेंट क्षेत्र उन इलाकों को माना जाता है जो स्कूल के आसपास आते हैं और जहां के बच्चों के उसी स्कूल में प्रवेश लेने की संभावना अधिक रहती है।

विभाग ने साफ कहा है कि कोई भी बच्चा स्कूल में प्रवेश से वंचित नहीं रहेगा। खासकर ऐसे बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं जो बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं या अब तक किसी कारण से स्कूल में दाखिला नहीं ले पाए हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कार्यवाहियां 20 मई तक पूरी की जाएंगी।
इसमें 6वीं और 9वीं कक्षा के लिए कैचमेंट क्षेत्र तय करना, पहली कक्षा के लिए आंगनबाड़ी से बच्चों की सूची प्राप्त करना, 5वीं पास विद्यार्थियों की सूची पूर्व माध्यमिक स्कूलों को सौंपना तथा 8वीं पास विद्यार्थियों की जानकारी संबंधित प्राचार्यों को उपलब्ध कराना शामिल है।
विभाग के अनुसार प्रवेश सूची 16 जून तक जारी कर दी जाएगी, जबकि शेष प्रवेश प्रक्रिया 30 जून तक पूरी होगी।

