बैकुंठपुर। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में बीपीसीएल द्वारा गैस पाइपलाइन के लिए लगाया गया मीटर ब्लास्ट होने से हडक़ंप मच गया। नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 8 स्थित बंगाली बस्ती के घर में लगे बीपीसीएल गैस मीटर में अचानक ब्लास्ट हो गया।
हालांकि, बड़ा हादसा टल गया और युवक बाल-बाल बच गया। बुधवार को गैस मीटर से तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ।
इन दिनों घर-घर गैस पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाकर घरों में मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। एमसीबी जिले में पाइपलाइन के सहारे गैस की सप्लाई भी शुरु कर दी गई है। इसी बीच मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 8 स्थित बंगाली बस्ती में भी कुछ महीने पहले ही पाइपलाइन गैस कनेक्शन लगाया गया था।
इसी बीच मीटर में ब्लास्ट हो गया और घर में मौजूद एक युवक के हाथ में चोट आई। घटना के बाद घर के सदस्य और मोहल्लेवासी दहशत में आ गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के कई घंटे बाद तक कंपनी (BPCL company) से कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। वहीं शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर नहीं लग पाया। जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है।

