सुबह की धूप अब चुभने लगी है और दोपहर होते-होते बिलासपुर शहर आग के गोले में तब्दील नजर आने लगा है। सड़कों पर पसरा सन्नाटा, तपती हवाओं के थपेड़े और रात में भी न थमने वाली उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
बिलासपुरइन दिनों ऐसी भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में जिले के कई हिस्सों में लू चलने और तापमान में और उछाल की चेतावनी दी है।
हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी कर अस्पतालों में इलेक्ट्राल काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरा ढंककर चल रहे हैं। गर्म हवाएं शरीर को झुलसा रही हैं। हालात ये हैं कि रात में भी राहत नहीं मिल रही। उमस और गर्म हवा के कारण लोगों की नींद उड़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर दिखाई दे रहा है। जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर, सिरदर्द और कमजोरी के मरीजों की संख्या बढऩे लगी है।

