सूरजपुर/15 मई 2026/ नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती रेना जमील द्वारा सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के तहत नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के कुल 15 मतदान केन्द्रों हेतु दो सेक्टर अधिकारी एवं एक रिजर्व सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सेक्टर क्रमांक 01-शिवनन्दनपुर मुख्यालय हेतु सहायक संचालक मत्सय विभाग सूरजपुर श्री एम.एस. सोनवानी को सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिनके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 09 से 15 तक के 07 मतदान केन्द्रों के संचालन का दायित्व रहेगा। सेक्टर क्रमांक 02-शिवनन्दनपुर हेतु अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सूरजपुर श्री विमल सिंह को सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिनके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 से 08 तक के 08 मतदान केन्द्र आएँगे। रिजर्व सेक्टर अधिकारी के रूप में जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा सूरजपुर श्री मनोज साहू को नियुक्त किया गया है, जो आवश्यकता पड़ने पर निर्वाचन कार्य का दायित्व संभालेंगे।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नियुक्त सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का तत्काल भ्रमण कर प्रथम प्रतिवेदन अपने रिटर्निंग ऑफिसर को प्रस्तुत करेंगे तथा निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया में मतदान दिवस तक की सफल जवाबदारी सेक्टर अधिकारी की होगी। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री पी.सी. सोनी एवं श्री शम्भु प्रसाद के मार्गदर्शन में दिनांक 19 मई 2026 को प्रातः 11ः00 बजे जिला पंचायत सूरजपुर के सभा कक्ष में नियुक्त सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

